7,000 किलोमीटर एक्सप्रेसवे की योजना में PM Gatishakti की प्रमुख भूमिका
October 14, 2023
नई दिल्ली: पीएम गतिशक्ति पहल ने लगभग 7,000 किलोमीटर एक्सप्रेसवे की योजना बनाने में मुख्य भूमिका निभाई है। एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि पिछले दो वर्षों में इस पहल के तहत जीआईएस मानचित्रों के माध्यम से सर्वेक्षण में तेजी लाई जा रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि नयी रेलवे लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) में तेजी आई है।
इसके अंतर्गत 2022-23 में लगभग 400 परियोजनाओं का एफएलएस हुआ, जबकि इससे पिछले वर्ष में यह संख्या मात्र 57 थी। अधिकारी ने कहा कि इस मंच ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के लिए विस्तृत सर्वेक्षण में भी मदद की है। इसके माध्यम से यह प्रक्रिया छह-नौ महीने से घटकर सिर्फ कुछ घंटों की हो गई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पीएम गतिशक्ति पहल के दो साल पूरे होने पर ‘पीएम गतिशक्ति का सारसंग्रह’ जारी किया है।