Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया

March 22, 2023

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) के नए ‘क्षेत्रीय कार्यालय और नवाचार केंद्र’ का बुधवार को उद्घाटन किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया है कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने ‘भारत 6-जी दृष्टि पत्र’ (टीआईजी-6जी) का अनावरण किया। उन्होंने ‘6-जी अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) केंद्र’ की भी शुरुआत की।इसके अलावा उन्होंने ‘‘कॉल बिफोर यू डिग’’ यानी ‘‘खुदाई से पहले कॉल कीजिये’’ ऐप की भी शुरूआत की।

आईटीयू, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के लिए संयुक्त राष्ट्र की विशेष संस्था है। इसका मुख्यालय जिनेवा में है। यह क्षेत्रीय कार्यालयों, आंचलिक कार्यालयों और प्रदेश कार्यालयों का एक नेटवर्क है। भारत ने क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के लिए आईटीयू के साथ मार्च 2022 में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। देश में क्षेत्रीय कार्यालय में भी इसके साथ संबंधित एक नवाचार केंद्र की परिकल्पना की गई है जो इसे आईटीयू के अन्य क्षेत्रीय कार्यालयों के बीच अद्वितीय बनाता है।

क्षेत्रीय कार्यालय पूरी तरह से भारत द्वारा वित्त पोषित है। यह महरौली में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफटेलीमैटिक्स (सी-डॉट) भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित है। बयान के अनुसार, यह भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, अफगानिस्तान और ईरान को सेवा मुहैया कराएगा, राष्ट्रों के बीच समन्वय बढ़ाएगा और क्षेत्र में पारस्परिक रूप से लाभदायक आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देगा। टीआईजी-6जी, प्रौद्योगिकी नवाचार समूह द्वारा तैयार किया गया है। इस समूह का गठन नवंबर 2021 में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, अनुसंधान और विकास संस्थानों, शिक्षाविदों, मानकीकरण निकायों, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं और उद्योग जगत के सदस्यों के साथ भारत में 6-जी सेवा के लिए कार्य योजना और रूप रेखा विकसित करने के लिए किया गया था।

ये भी पढ़ें: ट्रक और पिकअप की जोरदार टक्कर, 3 लोगों की मौत, 9 घायल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें