Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pulses Price Hike: उड़द,अरहर और मसूर तक दलों के बढ़े दाम, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर?

August 24, 2026

Pulses Price Hike: उड़द,अरहर और मसूर तक दलों के बढ़े दाम, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर?

Pulses Price Hike: देशभर में खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच अब दालों के दाम भी आम परिवारों का बजट बिगाड़ने लगे हैं। उड़द, अरहर और मसूर जैसी प्रमुख दालों के थोक भाव में हाल के दिनों में तेज तेजी देखने को मिली है। त्योहारी सीजन से पहले दालों की कीमतों में यह उछाल घरेलू खर्च पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।

उड़द के थोक भाव में 15 फीसदी से ज्यादा तेजी

23 अगस्त को थोक मंडियों में साबुत उड़द की कीमत में एक दिन में 15.29 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद इसका औसत थोक भाव करीब 10,238 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। कुछ मंडियों में भाव 13,000 रुपये प्रति क्विंटल तक बताए गए हैं।

इस तेजी का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानीय बाजारों में खुली उड़द दाल की कीमत करीब 120 से 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पैकेज्ड दाल की कीमत ब्रांड और बिक्री प्लेटफॉर्म के अनुसार इससे अधिक हो सकती है।

अरहर दाल ने भी बढ़ाई जेब की चिंता

अरहर दाल के भाव में भी 23 अगस्त को करीब 19.51 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद औसत थोक भाव लगभग 9,050 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। कुछ मंडियों में इसके भाव 13,000 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

खुदरा बाजार में इसका असर साफ नजर आ रहा है। खुली अरहर दाल कई जगह 140 से 160 रुपये प्रति किलो या उससे ऊपर बिक रही है, जबकि पैकेज्ड विकल्पों के दाम ब्रांड के मुताबिक करीब 175 से 195 रुपये तक पहुंच सकते हैं।

मसूर के दाम में सबसे बड़ा उछाल

24 अगस्त को मसूर दाल के थोक भाव में एक दिन में 35.28 फीसदी की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही औसत थोक कीमत करीब 10,672 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। कुछ बाजारों में मसूर का भाव 12,700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने की बात सामने आई है।

खुदरा स्तर पर खुली मसूर दाल करीब 110 से 130 रुपये प्रति किलो के दायरे में बताई जा रही है, जबकि पैकेज्ड मसूर की कीमत लगभग 140 से 149 रुपये प्रति किलो के बीच रह सकती है।

ये भी पढ़ें…

बढ़ते दाम का सीधा असर घरेलू बजट पर

दाल भारतीय घरों में प्रोटीन का प्रमुख और रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा है। ऐसे में थोक बाजार में लगातार तेजी का असर धीरे-धीरे खुदरा कीमतों पर भी पड़ सकता है। अगर कीमतों में तेजी बनी रहती है तो आने वाले दिनों में त्योहारों के दौरान परिवारों का किराना बजट और बढ़ने की आशंका है।

हालांकि, मंडी और खुदरा कीमतों में अंतर होता है और अलग-अलग शहरों, दुकानों तथा ब्रांड के अनुसार वास्तविक कीमत अलग हो सकती है। इसलिए खरीदारी से पहले स्थानीय बाजार में ताजा भाव की जांच करना बेहतर रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें