Site icon Dainik Savera Times

प्रमुख बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि अगस्त में 12.1 प्रतिशत

नयी दिल्ली: सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में इस्पात, कोयला और बिजली सहित आठ आधारभूत उद्योगों के संयुक्त उत्पादन में सालाना आधार पर 12.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। इन उद्योगों की सूची में सीमेंट, कच्चा तेल, उर्वरक, प्राकृतिक गैस और रिफाइनरी उत्पाद भी शामिल हैं। इन आठ उद्योगों का देश के कुल औद्योगिक उत्पादन में 40.27 प्रतिशत हिस्सा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार आठ प्रमुख उद्योगों (आईसीआई) के संयुक्त सूचकांक में अगस्त 2022 के सूचकांक की तुलना में अगस्त 2023 में 12.1 प्रतिशत (अनंतिम) की वृद्धि हुई। सभी आठ प्रमुख उद्योगों (अर्थात् सीमेंट, कोयला, कच्चा तेल, बिजली, उर्वरक, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद और इस्पात) के उत्पादन में अगस्त 2023 में पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

संशोधित आंकड़ों में इन बुनियादी उद्योगों के मई 2023 के लिए जारी आंकड़ों को संशोधित कर 5.2 प्रतिशत कर दिया गया है। चालू वित्त वर्ष अप्रैल 2023-24 में अप्रैल से अगस्त के पांच माह के दौरान इन उद्योगों का उत्पादन पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि से 7.7 प्रतिशत (अनंतिम) ऊंचा रहा। अगस्त में सीमेंट उद्योग के उत्पादन में एक साल पहले की तुलना में 18.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। इसी माह कोयला उत्पादन17.9 प्रतिशत बढ़ा तथा कच्चे तेल के उत्पाद में 2.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विज्ञप्ति के अनुसार एक साल पहले की तुलना में इस वर्ष अगस्त में बिजली उत्पादन में वृद्धि 14.9 प्रतिशत , उर्वरकों के उत्पादन में 1.8 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 10.0 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अगस्त में पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन सालाना आधार पर 9.5 प्रतिशत और इस्पात उत्पादन 10.9 प्रतिशत ऊंचा रहा ।

बड़ी खबरें पढ़ेंः Digestive System को मजबूत करने में बेहद सहायक है Fiber और Healthy Fat
Exit mobile version