वाशिंगटन: अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो ने भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित भारत सरकार के शीर्ष नेताओं के साथ अपनी बैठकों में भारत-प्रशांत क्षेत्र समेत साझा हितों के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की। वाणिज्य विभाग के अनुसार, रायमोंडो ने डोभाल के साथ अपनी बैठक में अमेरिका-भारत के वाणिज्यिक संबंधों तथा ‘दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंधों को गहरा करने के अवसरों’ पर चर्चा की। जीना ‘‘इंडिया – यूएस कर्मिशयल डायलॉग’’ में हिस्सा लेने के लिए भारत आई हैं। वाणिज्य विभाग के अनुसार, ”उन्होंने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पर ‘अमेरिका-भारत पहल’ की उद्घाटन बैठक के महत्व पर सहमति व्यक्त की।” इसके अलावा रायमोंडो ने आगामी ‘अमेरिका-भारत सीईओ फोरम’ और ‘अमेरिका-भारत वाणिज्यिक संवाद’ बैठक के बारे में भी बात की।
यह कई क्षेत्रों में दोनों सरकारों और व्यापारिक समुदायों के बीच अधिक सहयोग को बढ़ावा देने में मदद करेगी। बैठक के दौरान उन्होंने भारतीय नेताओं के साथ समृद्धि के लिए ‘भारत-प्रशांत आर्थिक ढांचा’ (आईपीईएफ) के अवसरों पर चर्चा की। रायमोंडो ने कहा कि यह ‘क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को मजबूत करने के साथ साथ व्यक्तिगत एंव सामूहिक आर्थिक प्रतिस्पर्धा’ को बढ़ाएगा। रायमोंडो ने जयशंकर के साथ अपनी बैठक में, अमेरिका-भारत संबंधों और आगे के आर्थिक सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने बाइडेन प्रशासन और विभाग के लिए अमेरिका-भारत द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को रेखांकित किया। इसमें ‘अमेरिका-भारत सीईओ फोरम’ (सीईओ फोरम) और ‘अमेरिका-भारत वाणिज्यिक संवाद’ के जरिये चल रहे सहयोग और निकट वाणिज्यिक संबंधों की संभावना शामिल है।
ये भी पढ़ें: RCB vs LSG, IPL 2026: बेंगलुरु ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, इंग्लिस और मोहसिन खान बाहर
