राइड-हेलिंग ऐप रैपिडो अब फ़ूड डिलीवरी की दुनिया में उतरने जा रहा है। आज जहाँ करोड़ों लोग रैपिडो बाइक के ज़रिए रोज़ाना ऑफ़िस या आस-पास की जगहों पर जाते हैं, वहीं अब कंपनी लोगों को सस्ते और स्मार्ट फ़ूड डिलीवरी के विकल्प भी देने जा रही है। इसके तहत कंपनी स्विगी और ज़ोमैटो जैसी बड़ी कंपनियों से सीधे मुक़ाबला करने की योजना बना रही है – वो भी कम डिलीवरी चार्ज और कम रेस्टोरेंट कमीशन मॉडल के साथ।
NRAI के साथ साझेदारी, रेस्टोरेंट से सिर्फ़ 8-15% कमीशन
जहाँ स्विगी और ज़ोमैटो रेस्टोरेंट से 16-30% कमीशन लेते हैं, वहीं रैपिडो सिर्फ़ 8-15% कमीशन लेगा। इससे रेस्टोरेंट को ज़्यादा मुनाफ़ा होगा और ग्राहकों को बेहतर डील मिलेगी। NRAI (नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया) के साथ साझेदारी के बाद रैपिडो इस क्षेत्र में मज़बूती से प्रवेश कर रहा है। NRAI के अध्यक्ष सागर दरयानी ने कहा, “हम रैपिडो के साथ मिलकर ऐसा मॉडल बनाने पर काम कर रहे हैं जो रेस्टोरेंट के लिए आर्थिक रूप से फ़ायदेमंद और लोकतांत्रिक दोनों हो।”
डिलीवरी चार्ज कितना होगा?
रैपिडो के डिलीवरी चार्ज भी ग्राहकों के लिए बहुत किफ़ायती होंगे:
₹400 – ₹25 तक के ऑर्डर के लिए डिलीवरी चार्ज
₹400 – ₹50 से ज़्यादा के ऑर्डर के लिए फ्लैट चार्ज
यह मौजूदा फ़ूड डिलीवरी प्लेटफ़ॉर्म से काफ़ी कम है, जिसका सीधा फ़ायदा ग्राहकों को भी मिलेगा।
सबसे पहले बेंगलुरु में, फिर पूरे देश में फैलेगी सेवा-
रैपिडो की फूड डिलीवरी सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से होगी। कंपनी की योजना इस सेवा को जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में शुरू करने की है। इसके बाद देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी इस सेवा को शुरू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- निवेशकों को मिली राहत, सेंसेक्स में 850 अंकों की बढ़त; बाजार हरे निशान में खुला

