Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Raymond Realty की बड़ी उड़ान: इस वित्त वर्ष में 14,000 करोड़ की परियोजनाओं की तैयारी

June 22, 2025

Raymond Realty की बड़ी उड़ान: इस वित्त वर्ष में 14,000 करोड़ की परियोजनाओं की तैयारी

Raymond Realty Projects Plan :  नई दिल्ली: रियल एस्टेट क्षेत्र में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी रेमंड रियल्टी अब एक नए विस्तार अभियान पर निकल चुकी है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में छह नई आवासीय परियोजनाएं शुरू करने की योजना बनाई है, जिनकी कुल संभावित बिक्री बुकिंग क्षमता लगभग 14,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।

रेमंड रियल्टी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरमोहन साहनी के अनुसार, कंपनी अब स्वतंत्र रियल एस्टेट ब्रांड के रूप में तेजी से आगे बढ़ने को तैयार है। रेमंड लिमिटेड से रियल एस्टेट कारोबार के अलग होने के बाद 1 जुलाई को रेमंड रियल्टी का शेयर बाजार में स्वतंत्र लिस्टिंग होगी। इसके बाद, रेमंड लिमिटेड मुख्य रूप से अपने इंजीनियरिंग कारोबार पर केंद्रित रहेगा।

-छह साल में 40,000 करोड़ रुपये का जीडीवी पोर्टफोलियो

साहनी ने जानकारी दी कि कंपनी ने 2019 में अपनी पहली परियोजना शुरू की थी और तब से अब तक ठाणे व मुंबई जैसे क्षेत्रों में मजबूत पकड़ बनाई है। रेमंड रियल्टी का मौजूदा ग्रोस डेवलपमेंट वैल्यू (जीडीवी) पोर्टफोलियो लगभग 40,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिसमें से 10,500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं।

-नई परियोजनाओं की झलक

चालू वर्ष में प्रस्तावित छह परियोजनाओं में दो करोड़ से लेकर 20 करोड़ रुपये तक की कीमत वाली प्रीमियम आवासीय इकाइयां शामिल होंगी। कंपनी का फोकस केवल परियोजनाओं की भव्यता पर ही नहीं, बल्कि समय पर निर्माण पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी है।

-अब पुणे की ओर भी नजर

रेमंड रियल्टी अब संयुक्त विकास समझौते (जेडीए) के तहत एमएमआर में नई भूमि तलाश रही है, साथ ही पुणे के आवासीय बाजार में भी प्रवेश की संभावनाओं का मूल्यांकन कर रही है। यह कदम कंपनी की क्षेत्रीय विविधता को और मजबूत कर सकता है।

-वित्तीय प्रदर्शन भी शानदार

वित्त वर्ष 2024-25 में रेमंड रियल्टी ने 2,314 करोड़ रुपये की संपत्तियों की बिक्री दर्ज की, जो कि एक वर्ष पहले 2,268 करोड़ रुपये थी। वहीं कंपनी का कुल राजस्व इस अवधि में 45% की वृद्धि के साथ 1,593 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,313 करोड़ रुपये हो गया।

-अब तक की उपलब्धियां

रेमंड रियल्टी अब तक दो परियोजनाएं पूरी कर चुकी है, जबकि छह परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। कंपनी की योजना है कि आने वाले वर्षों में तेजी से इन परियोजनाओं को बाजार में उतारा जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें