Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

RBI विदेशों में जमा 60 टन से अधिक भारतीय सोने को लाया वापस

November 27, 2026

RBI विदेशों में जमा 60 टन से अधिक भारतीय सोने को लाया वापस

नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) वित्त वर्ष 27 के सितंबर में समाप्त 6 महीनों के दौरान विदेशों में जमा 60 टन से अधिक सोना वापस भारत लाया है। इससे देश के भीतर रखे गए आरबीआई के स्वर्ण भंडार का हिस्सा बढ़ गया है। आरबीआई की विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन पर जारी ताजा छमाही रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय बैंक मार्च से सितंबर के बीच 60.08 टन सोना वापस भारत लाया। इसके साथ ही देश में रखे गए सोने का भंडार 6 महीने पहले के 680.05 टन से बढ़कर 740.13 टन हो गया।

इसके चलते आरबीआई के कुल स्वर्ण भंडार में भारत में रखे गए सोने का हिस्सा बढ़कर करीब 84 प्रतिशत हो गया, जो मार्च के अंत में 77.23% था। इस दौरान आरबीआई का कुल स्वर्ण भंडार 880.52 टन पर स्थिर रहा, लेकिन बैंक ऑफ इंगलैंड और बैंक फॉर इंटरनैशनल सैटलमैंट्स (बीआईएस) सहित विदेशी संरक्षकों के पास रखे गए सोने की मात्रा 197.67 टन से घटकर 140.39 टन रह गई। सोने का कुल भंडार स्थिर रहने के बावजूद आरबीआई के स्वर्ण भंडार का मूल्य सितंबर के अंत में घटकर 106.08 अरब डॉलर रह गया, जो छह महीने पहले 115.40 अरब डॉलर था।

इस गिरावट की वजह इस अवधि के दौरान अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई कमी रही। रिपोर्ट में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (एफसीए) की संरचना में बदलाव भी सामने आया है। आरबीआई ने प्रतिभूतियों में निवेश बढ़ाया है, जबकि अन्य केंद्रीय बैंकों और बीआईएस के पास जमा राशि का हिस्सा कम किया है। विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां मार्च के अंत में 552.28 अरब डॉलर से बढ़कर सितंबर के अंत में 608.26 अरब डॉलर हो गईं।

इनमें से 87.06 प्रतिशत राशि प्रतिभूतियों में निवेश की गई, जबकि छह महीने पहले यह हिस्सेदारी 84.31 प्रतिशत थी। भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार मार्च के अंत में 691.11 अरब डॉलर से बढ़कर सितंबर के अंत में 737.78 अरब डॉलर हो गया। आयात कवर 6 महीने पहले के 10.6 महीने से घटकर 9.8 महीने रह गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें