Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Income Tax में कटौती से आम आदमी के हाथ में बचेगा ज्यादा पैसा, एक्सपर्ट ने दी जानकारी

July 23, 2024

Income Tax में कटौती से आम आदमी के हाथ में बचेगा ज्यादा पैसा, एक्सपर्ट ने दी जानकारी

नई दिल्ली: सरकार की ओर से नई टैक्स रिजीम में इनकम टैक्स कम किए जाने को एक्सपर्ट्स ने एक शानदार कदम बताया है। इससे आम जनता के हाथ में पहले के मुकाबले ज्यादा खर्च योग्य आय बचेगी और महंगाई का मुकाबला करने में मदद मिलेगी। पीएचडीसीसीआई एंड पार्टनर में प्रत्यक्ष कर समिति की सह-अध्यक्ष, डॉ. पल्लवी दिनोदिया गुप्ता का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग नई टैक्स रिजीम को चुन रहे हैं।

वित्त मंत्री से लोगों को काफी उम्मीदें थी। पर्सनल इनकम टैक्स में कटौती किए जाने से आम आदमी को काफी राहत मिलेगी। इससे पैसा आम लोगों के हाथ में ज्यादा बचेगा। वहीं, स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ना नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छी खबर है। सीए प्रकाश सिन्हा का कहना है कि सरकार द्वारा नई टैक्स रिजीम के तहत टैक्स छूट और स्टैंडर्ड डिडक्शन में बढ़ोतरी किए जाने का सीधा फायदा कम आय टैक्स स्लैब में आने वाले लोगों को होगा। नई टैक्स रिजीम में अब करीब 17,500 रुपए की टैक्स बचत हो पाएगी।

फैमिली पेंशन को 15,000 रुपए से बढ़ाकर 25,000 रुपए करने से लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अब, नई टैक्स रिजीम के तहत 0 से 3 लाख रुपए तक की आय पर शून्य टैक्स लगेगा। 3 से 7 लाख रुपए तक की आय पर 5 प्रतिशत, 7 से 10 लाख रुपए तक की आय पर 10 प्रतिशत, 10 से 12 लाख रुपए तक की आय पर 15 प्रतिशत, 12 से 15 लाख रुपए तक की आय पर 20 प्रतिशत और 15 लाख रुपए से अधिक की आय पर 30 प्रतिशत टैक्स लगेगा। वहीं, स्टैंडर्ड डिडक्शन छूट को बढ़ाकर 75,000 रुपए कर दिया गया है, जो कि पहले 50,000 रुपए थी।

ये भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते से निवेश और रोजगार को मिलेगा बल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें