Site icon Dainik Savera Times

Andhra Pradesh में 10 GW सोलर पॉवर में निवेश Reliance Industries

नई दिल्ली: अरबपति उद्यमी मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनका समूह आंध्र प्रदेश में 10 गीगावाट सोलर पॉवर प्लांट में निवेश करेगा और प्रदेश में अपने कारोबार के माध्यम से 50 हजार रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। श्री अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल देश भर में आपूर्ति के लिए आंध्र प्रदेश से कृषि, कृषि आधारित उत्पादों और अन्य उत्पादों की अधिक से अधिक खरीद करेगा।

वह विशाखापट्टनम में ‘आंध्र प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023’ के एक सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के उपस्थिति में उद्योगपति अंबानी ने रिटेल सेक्टर में क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि रिलायंस रिटेल ने आंध्र प्रदेश के छह हजार गांवों में एक लाख 20 हजार से अधिक किराना व्यापारियों के साथ साझेदारी की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी छोटे व्यापारी फल-फूल सकें, इसके लिए उन्हें आवश्यक उपकरणों से लैस किया गया है। श्री अंबानी के अनुसार, रिलायंस रिटेल ने आंध्र प्रदेश में 20,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार और बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार दिए हैं।

रिलायंस जियो के बारे में बात करते हुए श्री अंबानी ने बताया कि जियो के ट्रू 5जी नेटवर्क के प्रसार का काम आंध्र प्रदेश सहित पूरे भारत में 2023 के अंत से पहले पूरा हो जाएगा। 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करके जियो ने राज्य में सबसे बड़ा और सबसे बेहतरीन डिजिटल नेटवर्क फुटप्रिंट बनाया है, जो प्रदेश की 98 प्रतिशत आबादी को कवर करता है। जियो ट्रू5जी से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर व्यापार और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। आंध्र प्रदेश की विशाल आर्थिक क्षमता की प्रशंसा करते हुए श्री अंबानी ने कहा कि, रिलायंस प्रदेश की आर्थिक ताकत पर विश्वास करने वाली पहली कुछ भारतीय कंपनियों में से एक रही है।

प्रदेश में हमने अपने केजी-डी6 बेसिन और उसकी पाइपलाइन्स पर एक लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। जल्द ही केजी-डी6 बेसिन, भारत के कुल गैस उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान करने लगेगा। उन्होंने कहा कि आन्ध्र प्रदेश में शानदार उद्योगों और उद्योगपतियों की लंबी कतार है खासतौर पर फार्मा और इंफ्रास्ट्रक्चर में और सबसे ऊपर आंध्र के पास विशाल समुद्री सीमा है जो उसे एक ब्लू इकोनॉमी में बदलने की ताकत रखती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आंध्र ,नए भारत की विकास गाथा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें: सड़क पर उतरेंगी Mamata Banerjee, विधायकों की मौजूदगी पर रहेगी नजर

Exit mobile version