Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Reliance Retail के खिलौना ब्रांड Hamleys ने कुवैत में खोला पहला स्टोर, GCC क्षेत्र में अब कुल 9 स्टोर

June 2, 2025

Reliance Retail के खिलौना ब्रांड Hamleys ने कुवैत में खोला पहला स्टोर, GCC क्षेत्र में अब कुल 9 स्टोर

कुवैत : रिलायंस रिटेल से जुड़ा खिलौना ब्रांड हैमलीज ने कुवैत के प्रतिष्ठित ‘द एवेन्यूज़ मॉल’ में अपना पहला स्टोर लॉन्च किया है। इस स्टोर के साथ हैमलीज ने गुल्फ कॉपरेशन काउंसिल (GCC) देशों में अपने नेटवर्क को और मजबूत किया है। कुवैत में यह ब्रांड का पहला स्टोर है, जबकि इस क्षेत्र में इसका यह नौवां स्टोर है। इससे पहले यूएई और कतर में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के बाद अब हैमलीज कुवैत में भी अपने पैर पसारने में सफल रहा है।

स्टोर का कुल क्षेत्रफल 1,170 वर्ग मीटर है, और इसे बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षक रूप से डिज़ाइन किया गया है। यहाँ 100 से ज़्यादा ब्रांड्स के 10,000 से अधिक खिलौने उपलब्ध हैं, जिनमें से कुछ प्रमुख ब्रांड्स जैसे लेगो, बार्बी, हॉट व्हील्स, मार्वल, बिल्ड-ए-बेयर, बैंडाई और कैंडीलिशियस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, इस स्टोर में बच्चों के मनोरंजन के लिए ‘रैलीज़’ नामक एक हाई-एनर्जी रेसट्रैक भी उपलब्ध होगा।

-कुवैत में पहली बार हैमलीज का जादू

हैमलीज के ग्लोबल सीईओ सुमीत यादव ने स्टोर उद्घाटन के मौके पर कहा, “कुवैत में स्टोर खोलने की हमारी योजना लंबे समय से चल रही थी, और आज का दिन हमारे लिए बेहद खास है। कुवैत में हमारे ग्राहकों से मिली प्रतिक्रिया अब तक शानदार रही है, और हमें पूरा विश्वास है कि ‘द एवेन्यूज़ मॉल’ में हमारा स्टोर भी उन्हें पसंद आएगा। हम जीसीसी क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को और विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

-कुवैत में हैमलीज की सफलता का राज

मिडिल ईस्ट रिटेल ग्रुप के साथ की गई रणनीतिक साझेदारी ने कुवैत में इस स्टोर को खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मिडिल ईस्ट रिटेल कंपनी के सीईओ नबील दाउद ने कहा, “हैमलीज का कुवैत में आना हमारे लिए गर्व की बात है। यहाँ पहले से ही इस ब्रांड को बहुत प्यार मिल रहा है। कई कुवैती परिवार पहले से ही हैमलीज के साथ जुड़ी हुई यादों को संजोए हुए हैं और अब हमें खुशी है कि हम उन्हें यह अनुभव अपने देश में ही दे पा रहे हैं।”

-उद्घाटन समारोह की धूम

स्टोर के उद्घाटन के मौके पर मॉल में एक भव्य और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों के पसंदीदा पात्रों और नायकों की जीवंत प्रस्तुतियां दी गईं। इसके अलावा, स्टोर के आधिकारिक उद्घाटन के अवसर पर एक पारंपरिक घंटी बजाने की रस्म भी निभाई गई। इस मौके पर उपस्थित बच्चों और उनके परिवारों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

ये भी पढ़ें : Manipur: संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने सेना पोस्ट पर की फायरिंग, 30 मिनट चली मुठभेड़  

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें