नई दिल्ली: रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) बिहार में अपने शीतल पेय ब्रांड कैम्पा के लिए एक नया बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने जा रही है।
-35 एकड़ भूमि पर बनेगा नया बॉटलिंग प्लांट
मिली रिपोर्ट के अनुसार, यह नया संयंत्र बेगूसराय जिले में 35 एकड़ भूमि पर बनेगा, जिसमें लगभग 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस संबंध में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बीआईएडीए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पुष्टि की है कि यह भूमि ईपीआईसी एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड को दी गई है, जो कैम्पा कोला का उत्पादन और वितरण करती है।
आगामी इकाई में बांटलिंग और विनिर्माण के कार्यों का समेकन किया जाएगा, जो कैम्पा कोला की विकास रणनीति का एक महत्वपूर्ण चरण है। इस रणनीति का मुख्य फोकस पूर्वी और पूवरेत्तर भारत में विस्तार पर है। लगभग दो महीने पहले असम में इसी प्रकार के एक संयंत्र की स्थापना की गई थी।
-फरवरी में नए प्लांट का हुआ उद्घाटन
फरवरी में, आरसीपीएल ने गुवाहाटी में एक नए संयंत्र का उद्घाटन किया, जिससे पूवरेत्तर भारत में कैम्पा ब्रांड की स्थिति और मजबूत हुई। अगस्त 2022 में कैम्पा कोला के अधिग्रहण के बाद, रिलायंस तेजी से बढ़ते शीतल पेय बाजार में प्रवेश कर रही है, और देशभर में अपनी उपस्थिति को बढ़ाने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे जैसे आपूर्ति श्रृंखला, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और बॉटलिंग संयंत्र स्थापित कर रही है।
ये भी पढ़ें: होर्मुज तनाव और युद्धविराम की अनिश्चितता से कच्चा तेल 4% तक महंगा

