नई दिल्ली: देश में खुदरा वाहन बिक्री अप्रैल 2025 में थोड़ी सकारात्मक हो गई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने कुल खुदरा बिक्री 2.95% बढ़कर 22,87,952 इकाई हो गई। एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 22,22,463 इकाई था।
यह वृद्धि ग्राहकों की मजबूत खरीदारी भावना के कारण दर्ज की गई है, विशेष रूप से अप्रैल माह में आने वाले त्यौहारों और समारोहों जैसे चैत्र नवरात्रि, अक्षय तृतीया, बंगाली नव वर्ष, बैसाखी और विशु के दौरान। एफएडीए के अध्यक्ष सीएस विग्नेश्वर ने कहा, “बाजार में निवेशकों की धारणा में सुधार और शेयर बाजारों में स्थिरता के कारण उपभोक्ता खरीदारी के लिए आश्वस्त दिखे।”
22.87 लाख इकाई तक पहुँची बिक्री
दोपहिया वाहन: बिक्री पिछले साल अप्रैल में 16,49,591 इकाई से 2.25% बढ़कर 16,86,774 इकाई हो गई।
तिपहिया वाहन: इस खंड में सबसे तेजी से वृद्धि देखी गई। बिक्री एक वर्ष पूर्व के 80,127 इकाई से 24.51% बढ़कर 99,766 इकाई हो गयी।
यात्री वाहन: बिक्री 1.55% बढ़कर 3,49,939 इकाई हो गई, जो अप्रैल 2024 में 3,44,594 थी।
वाणिज्यिक वाहन (सी.वी.): एकमात्र खंड जिसमें गिरावट देखी गई। बिक्री 1.05% घटकर 90,558 इकाई रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 91,516 इकाई बिकी थी।
ट्रैक्टर: इस खंड में 7.56% की अच्छी वृद्धि दर देखी गई, कुल बिक्री 60,915 इकाई रही, जो पिछले वर्ष 56,635 इकाई थी।
ये भी पढ़ें: पंजाब को जल्द मिलेगा नया DGP: UPSC को भेजे जाएंगे 14 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम

