Site icon Dainik Savera Times

भारत में रिटेल वाहन बिक्री 25.62% बढ़कर 24.09 लाख यूनिट पहुंची

नई दिल्ली: भारत में फरवरी में रिटेल वाहन बिक्री में जबरदस्त बढ़ौतरी दर्ज की गई। देश में वाहन बिक्री सालाना आधार पर 25.62% बढ़कर 24.09 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जो फरवरी 2024 के पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर गई। ये जानकारी फैडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (एफएडीए) ने दी। यह बढ़ौतरी लगभग सभी वाहन सेगमैंट में देखने को मिली। सालाना आधार पर दोपहिया वाहनों की बिक्री 25.02%, तीपहिया वाहनों की बिक्री 24.39%, पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 26.12% और कमर्शियल वाहनों की बिक्री 28.89% बढ़ी।

इससे साफ है कि निजी इस्तेमाल के वाहनों के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों से जुड़े वाहनों की मांग भी मजबूत बनी हुई है। एफएडीए के अनुसार, मार्च में भी डीलरों का भरोसा बाजार को लेकर काफी सकारात्मक बना हुआ है। लगभग 75.51% डीलरों को उम्मीद है कि बिक्री में और वृद्धि होगी, जबकि 19.90%डीलरों को बाजार स्थिर रहने की उम्मीद है और केवल 4.59 प्रतिशत डीलरों को गिरावट की आशंका है। फरवरी में ट्रैक्टर बिक्री में भी शानदार तेजी देखने को मिली।

इस सेगमैंट में 36.35 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जिससे यह महीने का सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमैंट बन गया। कंस्ट्रक्शन इक्विपमैंट ऐसा एकमात्र सेगमैंट रहा जिसने नया रिकॉर्ड नहीं बनाया। इस क्षेत्र में सालाना आधार पर 1.22 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई। दोपहिया वाहनों की रिटेल बिक्री 25.02 प्रतिशत बढ़कर 17,00,505 यूनिट तक पहुंच गई। डीलरों का कहना है कि अच्छी फसल, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नकदी उपलब्धता, आकर्षक मार्कीटिंग स्कीम और जीएसटी में बदलाव के बाद बेहतर कीमतों ने इस वृद्धि में अहम भूमिका निभाई है। कमर्शियल वाहनों की बिक्री फरवरी में 1,00,820 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 28.89 प्रतिशत अधिक है।

देश भर के डीलरों के अनुसार बेहतर माल ढुलाई, स्थिर ई-कॉमर्स गतिविधियां और इंफ्रास्ट्रर से जुड़ी मांग के कारण नए वाहनों की खरीद बढ़ी है। पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 3,94,768 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 26.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इस दौरान शहरी बाजार में 21.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि ग्रामीण बाजार में 34.21 प्रतिशत की तेज बढ़ौतरी दर्ज की गई। इससे साफ है कि महानगरों के अलावा ग्रामीण और छोटे शहरों में भी वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

Exit mobile version