Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव से महंगा हो सकता है भारत का तेल आयात, महंगाई बढ़ने का खतरा

November 28, 2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव से महंगा हो सकता है भारत का तेल आयात, महंगाई बढ़ने का खतरा

नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिम भारत के तेल आयात बिल और समुद्री माल ढुलाई दरों में लगातार उतार-चढ़ाव बनाए रख सकते हैं। मंत्रालय के अनुसार, ये आपूर्ति पक्ष के झटके आने वाले महीनों में थोक और खुदरा महंगाई दोनों पर दबाव बढ़ा सकते हैं।

वित्त मंत्रालय की ‘मंथली इकोनॉमिक रिव्यू फॉर नवंबर 2026’ रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक बना रहता है तो ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक शिपिंग नेटवर्क प्रभावित हो सकते हैं, जिसका असर भारत जैसे बड़े ऊर्जा आयातक देशों पर पड़ सकता है।

हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हाल के दिनों में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी देखने को मिली है। नवंबर की शुरुआत में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए थे। इसके साथ ही मजबूत पूंजी प्रवाह के कारण रुपए में आई मजबूती से आयातित महंगाई के दबाव को कुछ राहत मिल सकती है, बशर्ते यह रुझान आगे भी जारी रहे।

वित्त मंत्रालय का मानना है कि वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में घरेलू आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी रहेंगी। उच्च आवृत्ति संकेतकों से पता चलता है कि माल ढुलाई, कर संग्रह, ऊर्जा खपत और परिवहन गतिविधियों में विस्तार जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, व्यावसायिक गतिविधियां भी मजबूत बनी हुई हैं। नए ऑर्डर में वृद्धि हो रही है और उत्पादन लागत से जुड़ा दबाव कुछ कम हुआ है, जिससे उद्योगों को आने वाले महीनों में समर्थन मिलने की उम्मीद है।

घरेलू मांग के मोर्चे पर भी सकारात्मक संकेत दिखाई दे रहे हैं। वाहन बिक्री में क्रमिक सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत खपत अर्थव्यवस्था को सहारा दे रही है। इसके अलावा उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता रबी फसलों के लिए अनुकूल मानी जा रही है, हालांकि बुवाई अभी शुरुआती चरण में है और जलाशयों का जलस्तर पिछले वर्ष की तुलना में कम बना हुआ है।

औद्योगिक क्षेत्र को लेकर रिपोर्ट में कहा गया है कि समग्र औद्योगिक गतिविधियां विस्तार के चरण में बनी हुई हैं। हालांकि सितंबर में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि की गति कुछ धीमी पड़ी और अक्टूबर में विनिर्माण पीएमआई में भी हल्की नरमी आई। इसके बावजूद पीएमआई विस्तार क्षेत्र में बना हुआ है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि उद्योग और अवसंरचना क्षेत्रों को मिलने वाले बैंक ऋण में वृद्धि हुई है। साथ ही स्टील की खपत में भी स्वस्थ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार की हालिया नीतियां घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने और रणनीतिक क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाने पर केंद्रित हैं।

बाहरी क्षेत्र को लेकर रिपोर्ट ने कहा कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने उल्लेखनीय मजबूती दिखाई है। विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक आधार पर निर्यात वृद्धि और सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर अधिशेष ने व्यापार घाटे के प्रभाव को कम करने में मदद की है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और अन्य पूंजी प्रवाहों में वृद्धि से देश का भुगतान संतुलन मजबूत बना हुआ है। साथ ही भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बाहरी झटकों से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें