बिजनेस डेस्कः जून का महीना अपने साथ कई नए बदलाव लेकर आ रहा है। इनमें यूपीआई पेमेंट, एटीएम ट्रांजैक्शन, एलपीजी सिलेंडर, पीएफ निकासी, पैन कार्ड और आधार अपडेट से जुड़े नियम शामिल हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में…
ये भी पढ़ें :-
UPI पेमेंट के नियम में बदलाव
1 जून से यूपीआई ट्रांजैक्शन से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव हो सकता है। अब किसी को भी यूपीआई के जरिए पैसे भेजने से पहले उसका बैंक में दर्ज वास्तविक नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। माना जा रहा है कि नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए यह कदम उठाया है। क्यूआर कोड स्कैन करने या मोबाइल नंबर दर्ज करने पर उपयोगकर्ता को सही लाभार्थी की पहचान दिखाई दे सकेगी।
ATM से कैश निकासी के नियम
1 जून से कई बैंक एटीएम लेन-देन के नियमों में बदलाव कर सकते हैं। दूसरे बैंक के एटीएम से मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा कम की जा सकती है। इससे नकद निकासी, बैलेंस चेक करने और मिनी स्टेटमेंट निकालने जैसी सेवाएं महंगी हो सकती हैं। इसका सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ सकता है जो बार-बार एटीएम का उपयोग करते हैं।
LPG सिलेंडर की कीमतों पर नजर
कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। हाल के महीनों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी की गई है, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में 1 जून को कीमतों में संशोधन की संभावना पर सभी की नजर रहेगी।
PF निकासी हो सकती है और आसान
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही यूपीआई के माध्यम से पीएफ निकासी की सुविधा शुरू कर सकता है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और परीक्षण भी अंतिम चरण में है। सुविधा शुरू होने के बाद कर्मचारी Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे ऐप्स के जरिए अपना पीएफ पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।
पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव
आयकर विभाग पैन कार्ड से संबंधित कुछ नियमों में बदलाव कर सकता है। बड़े वित्तीय लेन-देन पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी है। नए प्रावधानों के अनुसार, कुछ मामलों में नकद जमा और संपत्ति खरीद से जुड़ी पैन संबंधी सीमाओं में संशोधन किया जा सकता है। हालांकि, इन बदलावों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
मुफ्त आधार अपडेट की सुविधा समाप्त
आधार कार्ड में ऑनलाइन जानकारी अपडेट कराने की मुफ्त सुविधा 14 जून तक उपलब्ध है। इसके बाद नाम, पता या अन्य विवरण अपडेट कराने पर शुल्क देना पड़ सकता है। नए नियमों के अनुसार, ऑनलाइन अपडेट के लिए 25 रुपये और आधार सेवा केंद्र पर जाकर अपडेट कराने के लिए 50 रुपये तक शुल्क लिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें :-

