Site icon Dainik Savera Times

वैश्विक तनाव का असर, रुपया पहली बार 93 के स्तर के पार

Rupee crosses 93 against dollar global tensions impact

Rupee crosses 93 against dollar global tensions impact

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया शुक्रवार को अब तक के सबसे निचले स्तर 93.12 पर पहुंच गया है। यह पहली बार है, जब अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले घरेलू मुद्रा 93 के स्तर के पार निकल गई है।

डॉलर के मुकाबले रुपए का मूल्य 0.55 प्रतिशत गिरकर 93.12 हो गया है। बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 92.63 पर बंद हुआ।

मध्य पूर्व में ईरान-अमेरिका, इजरायल के बीच युद्ध होने के बाद से घरेलू मुद्रा पर दबाव बना हुआ है और तब से यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले करीब 2 प्रतिशत लुढ़क चुकी है।

एक्सपर्ट्स के अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपया 92.8 के स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा है, जो कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक जोखिम से बचने के ट्रेंड के बीच रुपए पर लगातार दबाव का संकेत देता है।

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि 93.00 से ऊपर लगातार बढ़त से तेजी का रुझान मजबूत हो सकता है, जहां 93.20-93.40 रुकावट का स्तर और 92.70 एवं 92.50-92.40 का स्तर सपोर्ट लेवल है।

हालांक, घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है, सेंसेक्स 900 अंक से अधिक या लगभग 1 प्रतिशत बढ़ा, जबकि निफ्टी लगभग 300 अंक या 1.35 प्रतिशत बढ़ा।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/business/south-korea-response-us-investigation-task-force-formation/

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ओर से बिकवाली जारी है। एक्सचेंज के मुताबिक, गुरुवार को एफआईआई ने 7,558.19 करोड़ रुपए की इक्विटी से निकासी की थी।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक, डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 93.65 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर था।

तेल की कीमतों में गिरावट अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के बयान के बाद आई, जिन्होंने संकेत दिया कि वैश्विक कीमतों को कम करने में मदद के लिए वाशिंगटन समुद्र में मौजूद ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार कर सकता है।

हालिया गिरावट के बावजूद, भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से उछाल आया है। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के 21वें दिन में प्रवेश करने के साथ ही, ब्रेंट क्रूड की कीमत में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो 2 मार्च को 77.74 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 19 मार्च को 108.65 डॉलर प्रति बैरल हो गई।

Exit mobile version