Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rupee vs Dollar: सीमा पार सैन्य कार्रवाई के बाद रुपये में गिरावट, डॉलर के मुकाबले 84.66 पर खुला

May 7, 2025

Rupee vs Dollar: सीमा पार सैन्य कार्रवाई के बाद रुपये में गिरावट, डॉलर के मुकाबले 84.66 पर खुला

Rupee Falls in Stock Market: मुंबई: भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए ताज़ा सैन्य हमलों के बाद बुधवार को रुपये की शुरुआत कमजोर रही। शुरुआती विदेशी मुद्रा कारोबार में रुपया 31 पैसे की गिरावट के साथ 84.66 प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया।

भारतीय सुरक्षा बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मंगलवार और बुधवार की रात PoK सहित पाकिस्तान के बहावलपुर और मुरीदके में आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के नौ ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए। ये हमले दो सप्ताह पहले हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किए गए हैं, जिसमें 26 भारतीय नागरिकों की जान चली गई थी।

Rupee Falls in Stock Market
Rupee Falls in Stock Market

-मुद्रा बाजार में रुपया 84.65 पर खुला

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, सीमा पार तनाव और संभावित भू-राजनीतिक जोखिमों ने रुपये की कमजोरी में प्रमुख भूमिका निभाई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 84.65 पर खुला और कुछ ही देर में 84.66 पर पहुंच गया। मंगलवार को रुपया 84.35 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, डॉलर सूचकांक, जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाता है, 0.30% बढ़कर 99.53 पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार पर भी तनाव का असर देखा गया, जहां बीएसई सेंसेक्स 107.74 अंक की गिरावट के साथ 80,533.33 और निफ्टी 24.35 अंक गिरकर 24,355.25 पर बंद हुआ।

-वैश्विक स्तर पर आया उछाल

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल देखा गया। ब्रेंट क्रूड 0.68 प्रतिशत चढ़कर 62.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में भरोसा जताते हुए शुद्ध रूप से 3,794.52 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का असर भारतीय वित्तीय बाजारों पर साफ देखा जा सकता है। आने वाले दिनों में डॉलर के मुकाबले रुपये की दिशा काफी हद तक सीमा पर स्थिति और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें