Dainik Savera Times

रुपया शुरुआती कारोबार में 2 पैसे की गिरावट के साथ 86.55 प्रति डॉलर पर पहुंचा 

Rupee Fell 2 Paise: रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे की गिरावट के साथ 86.55 प्रति डॉलर पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की भारी निकासी से घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा खत्म हो गई, जिसका असर घरेलू मुद्रा पर पड़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, कमजोर होती अमेरिकी मुद्रा ने निचले स्तर पर स्थानीय मुद्रा को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.50 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती सौदों के बाद डॉलर के मुकाबले 86.45 पर पहुंच गया। हालांकि, स्थानीय मुद्रा ने जल्द ही बढ़त खो दी और डॉलर के मुकाबले 86.55 पर कारोबार करने लगी जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.53 पर बंद हुआ था।

Rupee Fell 2 Paise
Rupee Fell 2 Paise

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 109.07 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.96 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 8,132.26 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Exit mobile version