Site icon Dainik Savera Times

Rupee vs Dollar: रुपया शुरुआती कारोबार में 5 पैसे की बढ़त के साथ 83.65 प्रति डॉलर पर पहुंचा 

मुंबई: रुपया अपने सर्वकालिक निम्नतम स्तर से उबरकर सोमवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.65 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी के प्रवाह और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला और गिरावट पर रोक लगी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया 83.66 प्रति डॉलर पर खुला।
शुरुआती सौदों में 83.65 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.70 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.29 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83.20 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 264.92 अंक यानी 0.33 प्रतिशत गिरकर 80,339.73 अंक पर और एनएसई निफ्टी 88.10 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,442.80 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुक्रवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 1,506.12 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे।
ये भी पढ़ें: Bomb Threat: चंडीगढ़ में बम की धमकी से मचा हड़कंप, DC दफ्तर और PU में सर्च ऑपरेशन जारी
Exit mobile version