Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत

January 10, 2023

शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत

मुंबई: कच्चे तेल के दाम में नरमी आने से रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत होकर 82.17 के भाव पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी की लगातार निकासी होने और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी का रुख रहने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हो रही है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजारों में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.20 के भाव पर खुला और फिर यह 82.17 के स्तर पर भी पहुंच गया।

इस तरह पिछले बंद भाव के मुकाबले रुपये में 18 पैसे की मजबूती दर्ज की गई। सोमवार को रुपया 82.35 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था। इस बीच दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत बढक़र 103.21 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.26 प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजारों से निकासी का सिलसिला जारी रखा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी निवेशकों ने 203.13 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें