
Rupee vs Dollar: मुंबई: विदेशी पूंजी के मजबूत प्रवाह, घरेलू आर्थिक संकेतकों की मजबूती और वैश्विक स्तर पर डॉलर में कमजोरी के चलते भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 77 पैसे की शानदार बढ़त के साथ 83.77 पर पहुंच गया। यह हाल के सप्ताहों में रुपये का सबसे बड़ा एकदिनी सुधार है, जिससे निवेशकों में सकारात्मकता का माहौल बन गया है।

-विदेशी निवेश की वजह से डॉलर में बढ़त
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 83.98 पर खुला था, लेकिन मजबूत मांग और विदेशी निवेश की वजह से यह तेजी से चढ़ते हुए 83.77 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को रुपया 84.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। बृहस्पतिवार को ‘महाराष्ट्र दिवस’ के कारण विदेशी मुद्रा बाजार में अवकाश रहा।
रुपये में इस तेजी का मुख्य आधार अप्रैल में रिकॉर्ड 2.37 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह रहा, जो घरेलू मांग में मजबूती और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार का संकेत देता है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय शेयर बाजारों में लगातार की जा रही खरीदारी ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी प्रकार का भू-राजनीतिक तनाव रुपये की इस तेजी को झटका दे सकता है, जैसा कि पूर्व में देखा गया है।
-77 पैसे की मजबूती हुई दर्ज
इस बीच, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स, जो डॉलर की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले स्थिति दर्शाता है, 0.27% गिरकर 99.97 पर आ गया। वहीं, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत भी 0.55% बढ़कर 62.45 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
शेयर बाजार में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जहां सेंसेक्स 722 अंक चढ़कर 80,965 और निफ्टी 203 अंकों की तेजी के साथ 24,537 अंक पर पहुंच गया। विश्लेषकों के अनुसार, अगर विदेशी निवेश का रुझान ऐसा ही बना रहा और वैश्विक स्तर पर स्थिरता बनी रही, तो आने वाले दिनों में रुपये की स्थिति और भी सुदृढ़ हो सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...