Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rupee vs dollar: रुपया शुरुआती कारोबार में 5 पैसे की गिरावट के साथ 83.54 प्रति डॉलर पर पहुंचा

July 4, 2024

Rupee vs dollar: रुपया शुरुआती कारोबार में 5 पैसे की गिरावट के साथ 83.54 प्रति डॉलर पर पहुंचा

 

मुंबई : कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे टूटकर 83.54 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण रुपये को समर्थन मिला और गिरावट पर अंकुश लगा। सेंसेक्स और निफ्टी ने सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ और विदेशी पूंजी का पर्याप्त प्रवाह हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.52 प्रति डॉलर पर खुला।

शुरुआती सौदों के बाद 83.54 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.49 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 105.36 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 86.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने 80,000 अंक का आंकड़ा पार किया और निफ्टी ने नए रिकॉर्ड स्तर को छुआ। बीएसई सेंसेक्स 224.79 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढक़र 80,211.59 अंक पर कारोबार कर रहा था। एनएसई निफ्टी 67.80 अंक यानी 0.28 प्रतिशत चढक़र 24,354.30 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 5,483.63 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे।

ये भी पढ़ें: LG विनय कुमार सक्सेना का बड़ा फैसला, लद्दाख में बने पांच नए जिले

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें