Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 13 पैसे कमजोर

January 13, 2023

रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 13 पैसे कमजोर

मुंबई: कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों की कमजोरी के बीच रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में 13 पैसे कमजोर होकर 81.43 के भाव पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, विदेशी पूंजी की निकासी लगातार जारी रहने से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के सामने कमजोरी के साथ 81.32 के भाव पर खुला। थोड़ी ही देर में यह 81.43 रुपया प्रति डॉलर के भाव पर गिर गया। इस तरह पिछले बंद भाव के मुकाबले रुपये में 13 पैसे की कमजोरी दर्ज की गई।

रुपया बृहस्पतिवार को 38 पैसे की तगड़ी बढ़त के साथ 81.30 के भाव पर बंद हुआ था। इस बीच दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत बढक़र 102.31 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत गिरकर 83.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। बीएसई का सेंसेक्स 279.76 अंक कमजोर होकर 59,678.27 अंक पर आ गया जबकि एनएसई का निफ्टी 74.05 अंक गिरकर 17,784.15 अंक पर आ गया। दिसंबर 2022 के लिए खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े एक साल के निम्न स्तर 5.72 प्रतिशत पर दर्ज किया गया है। इसके अलावा देश का औद्योगिक उत्पादन भी पांच महीनों के शीर्ष स्तर 7.1 प्रतिशत पर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें