सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने घोषणा की है कि वह इस महीने अमेरिका में आयोजित होने वाले ‘गैलेक्सी अनपैक्ड’ इवेंट में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन पेश करेगा। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि यह डिवाइस पहले से ज्यादा एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फीचर्स के साथ आएगा।
‘गैलेक्सी अनपैक्ड 2026’ कार्यक्रम 25 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित किया जाएगा। कंपनी के निमंत्रण में टैगलाइन दी गई है—“द नेक्स्ट एआई फोन मेक्स योर लाइफ ईजियर”, यानी अगला एआई फोन आपकी जिंदगी को और आसान बनाएगा।
योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग ने कहा है कि नई गैलेक्सी एस सीरीज को रोजमर्रा के कामों को सरल बनाने और यूजर्स को ज्यादा आत्मविश्वास देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि गैलेक्सी एआई इस फोन में पहले से अधिक सहज और गहराई से एकीकृत होगा।
सैमसंग के अनुसार, यह एआई तकनीक के नए दौर की शुरुआत होगी, जहां डिवाइस और अधिक पर्सनल और यूजर की जरूरतों के अनुरूप काम करेंगे।
सूत्रों की मानें तो कंपनी इस इवेंट में गैलेक्सी एस26 सीरीज पेश कर सकती है। खासतौर पर एस26 अल्ट्रा मॉडल में एक नया इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर दिए जाने की चर्चा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिख रही जानकारी को आसपास मौजूद लोगों से छिपा सकेंगे, बिना किसी अतिरिक्त स्क्रीन गार्ड या प्रोटेक्टर के।
कंपनी का कहना है कि यूजर्स स्क्रीन की विजिबिलिटी को अपनी जरूरत के अनुसार कंट्रोल कर पाएंगे। इससे ‘शोल्डर सर्फिंग’ यानी पास खड़े व्यक्ति द्वारा स्क्रीन देखने की समस्या से बचाव संभव होगा।
बताया जा रहा है कि इस तकनीक को विकसित करने में सैमसंग को पांच साल से अधिक का समय लगा। कंपनी ने यूजर्स की फोन इस्तेमाल करने की आदतों का गहन अध्ययन कर यह समझने की कोशिश की कि वे अपनी निजी जानकारी को किस तरह सुरक्षित रखना चाहते हैं।

