नई दिल्ली: क्या आप भी हर महीने सैलरी आते ही खत्म हो जाने की समस्या से जूझते हैं? क्या भविष्य की आर्थिक सुरक्षा आपके लिए चिंता का विषय बनी हुई है? अगर हां, तो वक्त आ गया है कुछ बुनियादी लेकिन असरदार आदतों को अपनाने का। छोटे-छोटे बदलाव आपकी वित्तीय जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
अच्छा जीवन केवल ज्यादा कमाई से नहीं, बल्कि समझदारी से खर्च और बचत करने से भी बनता है। यहां हम बता रहे हैं ऐसी ही 10 स्मार्ट फाइनेंशियल हैबिट्स जो आपको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना सकती हैं।

1. कर्ज का खेल नहीं, कर्ज पर कंट्रोल चाहिए
उधारी से मिली राहत ज्यादा दिनों तक सुकून नहीं देती। खासकर क्रेडिट कार्ड या पर्सनल लोन जैसे महंगे कर्ज, जेब पर भारी पड़ते हैं। सबसे पहले ऐसे कर्जों को खत्म करें जिन पर ब्याज दर सबसे ज्यादा हो।
2. बजट बनाने की आदत बना लें
हर महीने की आमदनी और खर्च का लेखा-जोखा रखें। इससे आप बेवजह की खरीदारी को पहचान पाएंगे और फालतू खर्चों से बच सकेंगे।
3. भविष्य के लिए इमरजेंसी फंड रखें
कोई भी आपात स्थिति चाहे वो नौकरी जाने की हो या मेडिकल इमरजेंसी की बजट को हिला सकती है। ऐसे में 3 से 6 महीने के खर्च जितना फंड अलग रखें ताकि आपको किसी पर निर्भर न होना पड़े।
4. सस्ता सामान खरीदने की आदत बदलें
सस्ते लेकिन खराब क्वालिटी वाले सामान से बेहतर है एक बार थोड़ा महंगा लेकिन टिकाऊ प्रोडक्ट लेना। ये लंबी अवधि में पैसे की बचत करता है।
5. मार्केट रिसर्च करके सामान खरीदें
महंगे आइटम्स जैसे मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स या फर्नीचर खरीदने से पहले मार्केट रिसर्च करें। ऑफर्स, डिस्काउंट या फेस्टिव सेल्स का फायदा उठाएं।
6. क्रेडिट कार्ड और सब्सक्रिप्शन
बिना प्लानिंग किए गए ऑटो-डिडक्शन और सब्सक्रिप्शन आपकी बचत खा सकते हैं। हर महीने चेक करें कि आप किन सर्विसेज़ के लिए पे कर रहे हैं, और जरूरत न होने पर उन्हें बंद कर दें।
7. मासिक बिलों में छिपी है बड़ी बचत
मोबाइल, बिजली, इंटरनेट इन सबके सस्ते विकल्प खोजें। एनर्जी-सेविंग उपकरणों में निवेश करें और गैर-जरूरी बिजली खपत को रोकें।
8. मनोरंजन में भी हो सीमाएं
हर वीकेंड बाहर खाना या घूमने जाना ना सिर्फ हेल्थ के लिए नुकसानदायक है, बल्कि वॉलेट के लिए भी। तय करें कि महीने में कितनी बार बाहर जाना है और बाक़ी समय घर पर या कम खर्च में एंजॉय करें।
9. कैशबैक, बोनस और तोहफे ये बचत के मौके हैं
इन अतिरिक्त आमदनियों को खर्च करने की जगह सेविंग्स में लगाएं या किसी अच्छे निवेश में डालें। छोटा अमाउंट भी धीरे-धीरे बड़ा फंड बन सकता है।
10. बचत को बनाएं लाइफस्टाइल
बचत को मजबूरी नहीं, आदत बनाएं। DIY यानी खुद से छोटे-मोटे घरेलू काम करने की आदत डालें। इससे प्रोफेशनल सर्विसेज़ की लागत बचेगी और आपकी स्किल्स भी बढ़ेंगी।