Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारी बिकवाली से बाजार कमजोर, सेंसेक्स में 900 से ज्यादा अंकों की गिरावट

February 27, 2026

भारी बिकवाली से बाजार कमजोर, सेंसेक्स में 900 से ज्यादा अंकों की गिरावट

भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,287.19 और निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,178.65 पर बंद हुआ।

बिकवाली का सबसे अधिक दबाव रियल्टी और ऑटो शेयरों में देखा गया। सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 2.26 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 1.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी एफएमसीजी 1.69 प्रतिशत, निफ्टी मेटल 1.67 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.55 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.50 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.48 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 1.41 प्रथिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

दूसरी तरफ निफ्टी आईटी 0.16 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.17 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बिकवाली देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 682.55 अंक या 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 59,115.60 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 188.75 अंक या 1.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,928.90 पर था।

सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस और इटरनल गेनर थे। सन फार्मा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंडिगो, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक लूजर थे

सत्र के दौरान भारतीय शेयर बाजार की गिरावट के पीछे कई कारक जिम्मेदार थे, जिसमें विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली (गुरुवार के सत्र में एफआईआई ने 3,465.99 करोड़ रुपए के इक्विटी की बिक्री की थी), ईरान-अमेरिका के बीच कोई डील न होना, डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट और वैश्विक बाजार से कमजोर संकेत शामिल थे।

ईरान-अमेरिका के बीच कोई समझौता न होने के चलते कच्चे तेल में तेजी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक, डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 66.25 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 71.86 डॉलर प्रति बैरल पर था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें