मुंबई : घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी आई। कच्चे तेल के दाम में नर्मी बीच बैंक, आईटी तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी लिवाली से मानक सूचकांक बीएसई सैंसेक्स 1,534 अंक चढ़कर 3 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 23,000 अंक के करीब पहुंच गया। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सैंसेक्स 1,533.72 अंक चढ़कर 74,315.61 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,548.4 अंक चढ़कर 74,330.29 अंक तक पहुंच गया था।
एनएसई निफ्टी भी 374.65 अंक यानी 1.66% चढ़कर 22,997.35 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी का 25 सितंबर के बाद उच्चतम स्तर है। सैंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में टैक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 4.61% चढ़ा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक में 4.17%, भारती एयरटैल में 2.94%, इटर्नल में 2.77%, एचसीएल टैक्नोलॉजीज में 2.58%, एचडीएफसी बैंक में 2.51% और टीसीएस में 2.28% की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 4.03% उछला।
उसकी दूरसंचार और डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 1,065 से 1,119 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इससे ऊपरी स्तर पर करीब 30,213 करोड़ रुपए जुटाए जा सकते हैं। इसके साथ यह देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपए अंकित मूल्य वाले अधिकतम 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।
जियोजीत इन्वैस्टमैंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनियों के ऊंचे मूल्यांकन और अमरीका में महंगाई बढ़ने की चिंताओं के कारण प्रौद्योगिकी आधारित वैश्विक बाजारों में बिकवाली हुई। इससे भारतीय बाजार अपेक्षाकृत आकर्षक नजर आया और घरेलू बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों, निजी वित्तीय कंपनियों तथा निवेश के लिहाज से सुरक्षित मानी जाने वाली बड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेश बढ़ा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,857.44 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

