Site icon Dainik Savera Times

शुरुआती कारोबार में Sensex, Nifty टूटे

मुंबई: विदेशी पूंजी की निकासी और अमेरिकी बाजारों में कमजोर रूख की वजह से बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी टूट गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी का असर भी सूचकांकों पर पड़ा। इस दौरान, शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 54.08 अंक की गिरावट के साथ 60,076.63 अंक पर था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24 अंक टूटकर 17,745.25 अंक पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स में, टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, कोटक मंहिद्रा बैंक, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी नुकसान में रहे। दूसरी ओर, पॉवर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेस, टाटा मोटर्स और नेस्ले के शेयर लाभ में कारोबार कर रहे थे। एशियाई बाजारों में बुधवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला, सियोल और हांगकांग के बाजार लाभ में कारोबार कर रहे थे जबकि जापान और शंघाई के बाजार नुकसान में रहे। अमेरिका के बाजार मंगलवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे।

पिछले कारोबारी सत्र में, मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 74.61 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,130.71 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 25.85 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,769.25 अंक पर बंद हुआ था। इसबीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.42 प्रतिशत बढक़र 81.11 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 407.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

ये भी पढ़ें : अलवर में जज का हुआ अंतिम संस्कार, रोते हुए पिता ने दी मुखाअग्नि, पत्नी-बच्चे संस्कार में नहीं हुए शामिल

Exit mobile version