Site icon Dainik Savera Times

शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद Sensex, Nifty चढ़े

मुंबई: सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट आई लेकिन वैश्विक बाजारों में मजबूती के रूख और विदेशी पूंजी की आवक की वजह से बाद में दोनों सूचकांकों में बढ़त हुई। इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 492.46 अंक गिरकर 59,215.62 अंक पर आ गया था। एनएसई निफ्टी 170.35 अंक की गिरावट के साथ 17,445.95 अंक पर था। हालांकि, बाद में दोनों ही सूचकांकों में बढ़त हुई।

सेंसेक्स 177.91 अंक चढक़र 59,885.99 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 25.50 अंक की बढ़त के साथ 17,605.95 अंक पर था। सेंसेक्स में, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पॉवर ग्रिड गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, टाइटन और मारुति में बढ़त देखी गई। अन्य एशियाई बाजारों में, सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजार बढ़त के साथ सौदे कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को लाभ के साथ बंद हुए थे।

पिछले कारोबारी सत्र में, बुधवार को बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 158.18 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,708.08 अंक पर बंद हुआ था। इसके उलट एनएसई के सूचकांक निफ्टी में 45.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी 17,616.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.74 फीसदी चढक़र 83.45 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,785.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ये भी पढ़ें: हिमाचल सीएम सुक्खू ने भगवंत मान से की बात, ‘खालसा एंट्री टैक्स’ को बताया गैरकानूनी

Exit mobile version