Site icon Dainik Savera Times

सैंसेक्स 391 अंक चढ़कर नए शिखर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई: स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सैंसेक्स 391 अंक उछलकर नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। वाहन और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में लिवाली तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से एनएसई निफ्टी भी नए शिखर पर पहुंच गया। 30 शेयरों पर आधारित सैंसेक्स 391.26 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 80,351.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 436.79 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 80,397.17 अंक तक गया था। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 112.65 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,433.20 अंक के नए शिखर पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह 123.05 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 24,443.60 अंक तक चला गया था। सैंसेक्स के शेयरों में मारुति सुजुकी इंडिया 6 प्रतिशत चढ़ा। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल वाहनों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा हाइब्रिड कार (पैट्रोल और इलैक्ट्रिक से चलने वाली) पर पंजीकरण शुल्क से छूट दिए जाने की खबरों के बीच कंपनी का शेयर चढ़ा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा, आईटीसी, नेस्ले और टाटा मोटर्स भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुक्सान में रहने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनांस और जेएसडब्ल्यू स्टील शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक लाभ में, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुक्सान में रहा।

ये भी पढ़ें: नगर कौंसिल चुनाव में फर्जी वोटों की साजिश नहीं होगी सफल : Dr. Subhash Sharma

Exit mobile version