Dainik Savera Times

Share Market Today : तीन सत्रों की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स और निफ्टी के हाल

Share Market Today

Share Market Today : मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को एक बार फिर तेजी लौट आई है। बीते तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद निवेशकों ने राहत की सांस ली, जब बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की लिवाली से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने मजबूती दिखाई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती सुस्ती के बाद 289.43 अंक की छलांग लगाकर 81,651.30 पर पहुंचा, जबकि एनएसई निफ्टी ने भी 88.25 अंक की बढ़त के साथ 24,881.50 का स्तर छू लिया।

-किन शेयरों ने दिखाई मजबूती?

सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटर्नल (जो पहले जोमैटो था), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और मारुति ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में थोड़ी नरमी देखने को मिली।

Share Market Today
Share Market Today

-वैश्विक संकेत रहे सकारात्मक

एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने घरेलू निवेशकों की धारणा को मजबूती दी। जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सभी में हरे निशान में कारोबार देखा गया। अमेरिकी बाजार हालांकि गुरुवार को जूनटीन्थ के अवकाश के चलते बंद रहे।

-क्रूड और विदेशी निवेश

तेल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड इंटरनेशनल मार्केट में 2.45% फिसलकर 76.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था पर दबाव कम होने की उम्मीद है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 934.62 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 605.97 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

Exit mobile version