Site icon Dainik Savera Times

धनतेरस से एक दिन पहले सोना-चांदी में जोरदार उछाल, 2% तक चढ़े भाव

नई दिल्ली : धनतेरस से ठीक एक दिन पहले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। अमरीकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को मिली हार, कमजोर डॉलर और अमरीकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट के बाद निवेशकों का रुख एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा, जिससे वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में कीमती धातुओं की चमक लौट आई।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार कॉमैक्स में सोना करीब 1.91 प्रतिशत उछलकर 4,150.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी 1.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 53.15 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अमरीकी चुनाव नतीजों के बाद डॉलर कमजोर हुआ और ट्रेजरी यील्ड में नरमी आई, जिससे सोने और चांदी को मजबूत समर्थन मिला। वैश्विक तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दिया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,43,234 रुपए से 2,546 रुपए यानी 1.77 प्रतिशत उछलकर 1,45,780 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। दिन के कारोबार में एक समय गोल्ड 2,875 रुपए यानी 2 प्रतिशत की तेज उछाल के साथ 1,46,109 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। चांदी में और ज्यादा तेजी देखने को मिली और यह अपने पिछले बंद 1,87,735 रुपए से 2,365 रुपए बढ़कर 1,90,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली।

Exit mobile version