Signature Global New Plan: नई दिल्ली: प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपनी उपस्थिति को और मज़बूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एक नई प्रीमियम आवासीय परियोजना के लिए करीब 2,200 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह परियोजना गुरुग्राम के सेक्टर-71 में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) के निकट स्थित है और इसमें कुल 770 आलीशान अपार्टमेंट्स बनाए जाएंगे।इस परियोजना का नाम ‘क्लोवरडेल’ रखा गया है, जिसे कंपनी ने हाल ही में लॉन्च किया है। आठ एकड़ में फैली यह परियोजना उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है, जो प्रीमियम सुविधाओं और रणनीतिक लोकेशन की तलाश में हैं। फ्लैट्स की कीमत 4 करोड़ से 7 करोड़ रुपये के बीच होगी। परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि, “गुरुग्राम में रियल एस्टेट की मांग विशेष रूप से प्रतिष्ठित डेवलपर्स के प्रोजेक्ट्स में बनी हुई है। ‘क्लोवरडेल’ जैसे प्रीमियम प्रोजेक्ट्स हमारे विकास की रणनीति का हिस्सा हैं, जिससे हम आने वाले वर्षों में बाज़ार में अपनी हिस्सेदारी और मुनाफा दोनों बढ़ाना चाहते हैं।”
-बिक्री बुकिंग में जबरदस्त वृद्धि का लक्ष्य
पिछले वित्त वर्ष (2024-25) में 10,290 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग हासिल करने के बाद, कंपनी ने चालू वित्त वर्ष (2025-26) में 12,500 करोड़ रुपये तक बिक्री बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। यह कंपनी को देश के शीर्ष रियल एस्टेट डेवलपर्स की सूची में और ऊंचा स्थान दिला सकता है।
-निवेश की बड़ी योजनाएं
प्रदीप अग्रवाल ने आगे बताया कि चालू वित्त वर्ष में कंपनी कुल 4,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिसमें 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर और करीब 2,500 करोड़ रुपये निर्माण कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। यह निवेश कंपनी की विकास रणनीति के तहत किए जा रहे बड़े बदलावों का हिस्सा है।
बीते वर्ष, सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम में 48 एकड़ ज़मीन के अधिग्रहण पर 1,070 करोड़ रुपये खर्च किए थे। अब कंपनी भूमि को एक रणनीतिक संसाधन मानते हुए और अधिक विस्तार की योजना बना रही है।
-पूंजी जुटाने की पहल
अपने वित्तीय आधार को मजबूत करने और विस्तार योजनाओं को गति देने के लिए, कंपनी ने हाल ही में 875 करोड़ रुपये के गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर्स (NCDs) जारी कर पूंजी जुटाने की योजना की भी घोषणा की है।

