
मुंबई: भारत में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने सोमवार को अपने शीर्ष प्रबंधन में अहम बदलावों की घोषणा की है। कंपनी ने आशीष गुप्ता को ‘स्कोडा इंडिया’ का नया ब्रांड निदेशक नियुक्त किया है, वहीं नितिन कोहली को ‘फॉक्सवैगन पैसेंजर कार्स’ का नेतृत्व सौंपा गया है। ये दोनों नियुक्तियां 1 मई 2025 से प्रभावी हो चुकी हैं।
आशीष गुप्ता, जो अब स्कोडा इंडिया की कमान संभालेंगे, इससे पहले फॉक्सवैगन पैसेंजर कार्स में ब्रांड निदेशक की भूमिका निभा चुके हैं। वे पेट्र जेनेबा का स्थान ले रहे हैं, जो अब अपना कार्यकाल समाप्त कर मूल कंपनी स्कोडा ऑटो, चेक गणराज्य लौट रहे हैं। गुप्ता को भारतीय ऑटो उद्योग की गहरी समझ और रणनीतिक सोच के लिए जाना जाता है, जो उन्हें इस नई भूमिका में एक सशक्त नेता बनाती है।
वहीं, नितिन कोहली को फॉक्सवैगन ब्रांड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इससे पहले ऑडी इंडिया में बिक्री और संचालन का नेतृत्व कर रहे थे। कोहली की ग्राहक-केंद्रित रणनीतियों और बाजार में ब्रांड की उपस्थिति बढ़ाने के अनुभव ने उन्हें इस नई भूमिका के लिए उपयुक्त विकल्प बनाया है। इस अवसर पर स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया के सीईओ ‘पीयूष अरोड़ा’ ने कहा, “हमारी कंपनी भारतीय बाजार के लिए एक स्थानीय और प्रतिभावान नेतृत्व विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह बदलाव इसी दिशा में एक ठोस कदम है। मुझे भरोसा है कि आशीष और नितिन अपने अनुभव और दूरदर्शिता के साथ स्कोडा और फॉक्सवैगन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया देश में फॉक्सवैगन, स्कोडा, ऑडी, पोर्श और लेम्बोर्गिनी जैसे पांच वैश्विक ऑटो ब्रांड्स का संचालन करती है। नेतृत्व में यह ताज़ा बदलाव समूह की दीर्घकालिक रणनीति और भारत में अपने ब्रांड्स को और अधिक मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- देशभर में आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत? जानें CNG और PNG के रेट
मेष: दिन शुभ रहेगा...