मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवा के लिए पहचाने जाने वाले सोनू सूद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बता दें कि उन्होंने मुंबई के पॉश इलाके महालक्ष्मी में स्थित अपना शानदार अपार्टमेंट ₹8.10 करोड़ में बेच दिया है। यह सौदा अगस्त 2025 में आधिकारिक रूप से रजिस्टर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह फ्लैट लोकहंडवाला मिनर्वा प्रोजेक्ट में स्थित है, जो दक्षिण मुंबई की गगनचुंबी और आलीशान इमारतों में से एक है।
फ्लैट की खासियत
इस लग्जरी अपार्टमेंट का कार्पेट एरिया 1,247 वर्ग फुट और बिल्ट-अप एरिया 1,497 वर्ग फुट है। डील में दो कारों की पार्किंग स्पेस भी शामिल है। इस प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए सोनू सूद ने करीब ₹48.60 लाख स्टांप ड्यूटी और ₹30,000 की रजिस्ट्रेशन फीस अदा की।
13 साल पहले खरीदी थी यह प्रॉपर्टी
सोनू सूद ने यह फ्लैट 2012 में ₹5.16 करोड़ में खरीदा था। यानी, करीब 13 वर्षों में उन्हें लगभग ₹2.94 करोड़ का लाभ हुआ है।
महालक्ष्मी, जहां यह प्रॉपर्टी स्थित है, मुंबई के सबसे महंगे रेजिडेंशियल हॉटस्पॉट्स में गिना जाता है। यहाँ से वर्ली, लोअर परेल और नरीमन पॉइंट जैसे प्रमुख कमर्शियल हब्स तक आसान कनेक्टिविटी है। साथ ही इस इलाके को समुद्र के खूबसूरत नज़ारों और रेसकोर्स के पास स्थित लक्ज़री टॉवर्स के लिए भी जाना जाता है।
सिर्फ एक्टर नहीं, जनसेवक भी हैं सोनू सूद
सोनू सूद का फिल्मी करियर 1999 में तमिल सिनेमा से शुरू हुआ था। हिंदी सिनेमा में उन्होंने 2002 की फिल्म ‘शहीद-ए-आजम’ में शहीद भगत सिंह का किरदार निभाकर एंट्री की। ‘दबंग’, ‘आर…राजकुमार’, और ‘सिंबा’ जैसी फिल्मों से उन्होंने खुद को एक मजबूत अभिनेता के रूप में स्थापित किया।
लेकिन उनकी असली पहचान तब बनी जब कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुँचाने में मदद की। इसके बाद से वे देशभर में एक रियल-लाइफ हीरो के रूप में पहचाने जाते हैं।