Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

SpiceJet की सख्ती: आर्मी अफसर को किया 5 साल के लिए बैन, जानें वजह

August 27, 2025

SpiceJet की सख्ती: आर्मी अफसर को किया 5 साल के लिए बैन, जानें वजह

नई दिल्ली: स्पाइसजेट एयरलाइंस ने एक वरिष्ठ सेना अधिकारी पर बड़ा कदम उठाते हुए उन्हें अपनी उड़ानों से पांच साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यह कार्रवाई जुलाई महीने में श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयरलाइन के स्टाफ के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद की गई है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब अधिकारी से अतिरिक्त केबिन बैगेज के लिए शुल्क चुकाने को कहा गया। आरोप है कि इसके बाद अधिकारी ने गुस्से में आकर एयरलाइन के चार ग्राउंड स्टाफ पर हमला कर दिया, जिसमें एक कर्मचारी को गंभीर चोटें भी आईं, और उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।

5 साल के लिए नो-फ्लाइ लिस्ट में शामिल

स्पाइसजेट ने आंतरिक जांच के बाद संबंधित अधिकारी को अपनी ‘नो-फ्लाइ लिस्ट’ में डाल दिया है। इस फैसले के तहत वह अगले पांच वर्षों तक स्पाइसजेट की किसी भी घरेलू, अंतरराष्ट्रीय या चार्टर्ड फ्लाइट में यात्रा नहीं कर पाएंगे।

हालांकि, एयरलाइन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह फैसला कंपनी की सुरक्षा नीति और जीरो टॉलरेंस अप्रोच के तहत लिया गया है।

पुलिस में दर्ज हैं दोनों पक्षों की शिकायतें

इस विवाद में स्थानीय पुलिस ने भी हस्तक्षेप किया है। अधिकारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो जानबूझकर चोट पहुंचाने से जुड़ी धाराओं में आता है। वहीं, संबंधित अधिकारी ने भी पुलिस में एयरलाइन स्टाफ के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है, जिसके बाद कर्मचारियों पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।

स्पाइसजेट ने शुरू की पेपरलेस बोर्डिंग सुविधा

इस बीच, स्पाइसजेट ने एक और बड़ी पहल करते हुए मेघालय के शिलांग एयरपोर्ट पर पेपरलेस बोर्डिंग सिस्टम लॉन्च किया है। अब यात्री चेक-इन के बाद अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से डिजिटल बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रिंटेड बोर्डिंग पास की जरूरत खत्म हो जाएगी।

एयरलाइन के मुताबिक, यह सुविधा उनके स्वदेशी वेब डिपार्चर कंट्रोल सिस्टम द्वारा संचालित है, और इसके तहत यात्रियों को बैगेज टैग्स भी SMS के माध्यम से भेजे जाएंगे। स्पाइसजेट देश की पहली एयरलाइन बन गई है जिसने चेक-इन काउंटर पर व्हाट्सएप आधारित बोर्डिंग पास जारी करने की शुरुआत की है।

ये भी पढ़ें: PNG और LPG की लगातार सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्र का बड़ा निर्देश

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें