मुंबई: विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बावजूद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड एवं कच्चे तेल की कीमतें गिरने से स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार लगातार पांचवे दिन चढ़ता हुआ करीब सवा महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 385.04 अंक अर्थात 0.58 प्रतिशत की छलांग लगाकर सवा महीने के उच्चतम स्तर 66 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 66265.56 अंक पर पहुंच गया। इससे पूर्व एक अगस्त को यह 66459.31 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 116 अंक यानी 0.59 अंक उछलकर 19727.05 अंक पर रहा।
पिछले लगातार पांच दिन में सेंसेक्स 1434 और निफ्टी 473 अंक की उछाल रही है। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी जमकर लिवाली हुई। इससे मिडकैप 0.79 प्रतिशत की तेजी लेकर 32,374.93 अंक और स्मॉलकैप 0.40 प्रतिशत मजबूत होकर 38,101.21 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 3807 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2240 में तेजी जबकि 1439 में गिरावट रही वहीं 128 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 34 कंपनियां हरे जबकि शेष 16 लाल निशान पर रही।
ये भी पढ़ें: IMF का दावा, डिजिटल सुधारों से भारत में छोटे उद्यमों की उत्पादकता बढ़ी

