Stock Market Decline Continues: मुंबई: अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने और चीन द्वारा जवाबी कार्रवाई किए जाने के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में भी पांच फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 3,939.68 अंक या 5.22 प्रतिशत गिरकर 71,425.01 अंक पर आ गया।
नुकसान में ये शेयर रहे-
एनएसई निफ्टी 1,160.8 अंक या 5.06 प्रतिशत गिरकर 21,743.65 पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे। टाटा स्टील के शेयरों में आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई जबकि टाटा मोटर्स के शेयरों में सात प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों को भी भारी नुकसान हुआ।

विदेशी बाजारों का हाल जानें-
एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग लगभग 11 प्रतिशत, जापान का निक्केई लगभग सात प्रतिशत, चीन का शंघाई कम्पोजिट छह प्रतिशत से अधिक तथा दक्षिण कोरिया का कोस्पी पांच प्रतिशत गिर गया। शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। एसएंडपी 500 में 5.97 प्रतिशत, नैस्डैक कंपोजिट में 5.82 प्रतिशत तथा डॉव में 5.50 प्रतिशत की गिरावट आई।
अंतर्राष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.74 प्रतिशत गिरकर 63.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाल रहे और उन्होंने 3,483.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले सप्ताह सेंसेक्स में 2,050.23 अंक या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि एनएसई निफ्टी में 614.8 अंक या 2.61 प्रतिशत की गिरावट आई।