Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेयर बाजार के शुरूआती कारोबार में गिरावट, जानिए क्या है Sensex और Nifty के हाल 

November 21, 2024

शेयर बाजार के शुरूआती कारोबार में गिरावट, जानिए क्या है Sensex और Nifty के हाल 

Stock Market Decline : अदाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। एशियाई बाजारों में कमजोर रुख से भी शुरुआती कारोबार में बाजार में गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 468.17 अंक की गिरावट के साथ 77,110.21 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 179.75 अंक फिसलकर 23,338.75 अंक पर रहा। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से अदाणी पोर्ट्स के शेयर में 10 प्रतिशत की गिरावट आई।

इसकी मुख्य वजह उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिका में निवेशकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगना रही। अदाणी पर भारतीय उपमहाद्वीप में सौर परियोजनाओं के अनुबंध और वित्त पोषण हासिल करने लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत देने और यह बात अमेरिकी निवेशकों से छिपाने का आरोप है।

Stock Market Decline

अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस सहित अदाणी समूह की अन्य कंपनियों के शेयरों में भी शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई। भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स के शेयर भी नुकसान में रहे। इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज और टेक महिंद्रा के शेयर में तेजी आई।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहा जबकि जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.99 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पिछले कारोबारी सत्र में बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,411.73 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें