Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रम्प के टैरिफ के बाद शेयर बाजार में गिरावट, जानिए Sensex और Nifty के हाल

April 3, 2025

ट्रम्प के टैरिफ के बाद शेयर बाजार में गिरावट, जानिए Sensex और Nifty के हाल

Stock Market Falls: मुंबई: अमेरिका द्वारा जवाबी टैरिफ की घोषणा के बाद एशियाई बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। अमेरिका ने भारत पर 27 प्रतिशत का जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन का मानना ​​है कि भारत अमेरिकी वस्तुओं पर उच्च आयात शुल्क लगाता है, इसलिए देश के व्यापार घाटे को कम करने और विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए यह कदम आवश्यक था।

इस कदम से अमेरिका को भारत के निर्यात पर असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बेहतर स्थिति में है, जिन्हें हमसे अधिक शुल्क देना होगा। बीएसई सेंसेक्स 378.60 अंक या 0.49 प्रतिशत गिरकर 76,238.84 पर आ गया। बाद में यह 809.89 अंक या 1.05 प्रतिशत गिरकर 75,807.55 अंक के निचले स्तर पर आ गया।

-लाभ में रहे ये शेयर

एनएसई निफ्टी 80.60 अंक या 0.35 प्रतिशत गिरकर 23,251.75 पर आ गया। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा मोटर्स, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, जोमैटो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर नुकसान में रहे। सन फार्मास्यूटिकल्स, एनटीपीसी, टाइटन, पावरग्रिड, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और लार्सन एंड टूब्रो के शेयरों में तेजी रही।

Stock Market Falls
Stock Market Falls

-अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुक

बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.41 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि स्मॉलकैप सूचकांक में 0.08 प्रतिशत की गिरावट आई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई तीन प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी एक प्रतिशत, चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.39 प्रतिशत तथा हांगकांग का हैंगसेंग दो प्रतिशत गिर गया। बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।

अंतर्राष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.31 प्रतिशत गिरकर 73.22 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाल रहे और उन्होंने 1,538.88 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,808.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें