Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में गिरावट, तेल की कीमतों में आया उछाल, जानिए Sensex और Nifty के हाल

June 13, 2025

शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में गिरावट, तेल की कीमतों में आया उछाल, जानिए Sensex और Nifty के हाल

Stock Market Fell Down: घरेलू शेयर बाजारों ने नकारात्मक रुख के साथ शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत की, जिसका मुख्य कारण वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और एशियाई बाजारों में कमजोरी रही। इजराइल द्वारा ईरान की राजधानी पर किए गए हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेज उछाल आया, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

-जानिए सेंसेक्स और निफ्टी के आंकड़े

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती घंटों में 1,300 अंक से अधिक टूटकर 80,354.59 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी में भी 400 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,473 के स्तर तक लुढ़क गया। शुरुआती नुकसान की इस लहर में सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर लाल निशान में नजर आए। कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स जैसे दिग्गज शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

Stock Market Fell Down
Stock Market Fell Down

-एशिया के बाजारों में कमजोरी का माहौल

एशिया के प्रमुख बाजारों में भी कमजोरी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सभी लाल निशान में बंद हुए। हालांकि, अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे, लेकिन एशियाई और घरेलू निवेशकों पर इज़राइल-ईरान तनाव का दबाव अधिक हावी रहा।

-शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को करीब 3,831 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, जो बाजार से पूंजी निकासी की प्रवृत्ति को दर्शाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक तनाव बरकरार रहते हैं, तो भारतीय बाजार में आने वाले दिनों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे सावधानीपूर्वक रणनीति बनाकर निवेश करें और विश्व घटनाओं पर नजर बनाए रखें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें