Site icon Dainik Savera Times

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद तेजी, जानिए Sensex और Nifty के हाल

Stock Market Fluctuations

Stock Market Fluctuations: मुंबई: बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन विदेशी निवेशकों की मजबूत लिवाली और वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में जल्द ही रिकवरी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों शुरुआती गिरावट से उबरकर हरे निशान में बंद हुए।

सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स 232 अंकों की गिरावट के साथ 80,055 के स्तर तक फिसल गया, वहीं निफ्टी 67 अंक टूटकर 24,268 के आसपास आ गया। हालांकि इसके बाद बाजार ने रफ्तार पकड़ी और अंततः सेंसेक्स 76 अंकों की बढ़त के साथ 80,365 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 23 अंकों की तेजी के साथ 24,359 का स्तर छू लिया।

-शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद दिखी तेजी

बाजार में सेक्टोरल स्तर पर मिला-जुला रुख देखने को मिला। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही, जिनमें क्रमशः करीब 6% और 4% की कमजोरी आई। वहीं, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी और मारुति जैसे ब्लूचिप शेयरों में मजबूती ने बाजार को सपोर्ट दिया।

-अमेरिकी बाजारों में रहा सकारात्मक रुख

वैश्विक मोर्चे पर भी मिश्रित संकेत मिले। जहां दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे, वहीं जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग मजबूती के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को सकारात्मक रुख रहा, जिससे निवेशकों को भरोसा मिला।

अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखी गई, ब्रेंट क्रूड लगभग 1% टूटकर 63.61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,385 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी कर बाजार को स्थिरता प्रदान की।

Exit mobile version