Site icon Dainik Savera Times

दिवाली पर शेयर बाजार में रहेगी रौनक! रविवार को खुलेगा NSE-BSE, एक घंटे होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें पूरा शेड्यूल

Stock market

Stock market

Stock market: दिवाली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में रविवार को भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर एक घंटे के एक विशेष सत्र में कारोबार होगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगी। हालांकि 8 नवंबर नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश का दिन है, लेकिन दिवाली लक्ष्मी पूजन के अवसर पर विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा।

बता दें कि शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है। यह केवल एक विशेष कारोबारी सत्र नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी है। इसी कारण बड़ी संख्या में निवेशक इस दौरान सांकेतिक तौर पर शेयर खरीदते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी पूजन के दिन किया गया निवेश आने वाले वर्ष में समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है।

ये भी पढ़ें- PM Modi ने देशवासियों को दी दिवाली की बधाई, जवानों के साथ त्योहार मनाने की परंपरा रखेंगे जारी

 

निर्धारित समयानुसार संचालित होगा बाजार
एक्सचेंजों द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा। ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुली रहेगी। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद क्लोजिंग सेशन और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन निर्धारित समयानुसार संचालित किए जाएंगे।

शुभ शुरुआत के लिए सांकेतिक खरीदारी
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व केवल धार्मिक और पारंपरिक नहीं है, बल्कि यह निवेशकों के मनोबल और बाजार की सकारात्मक भावना से भी जुड़ा हुआ है। कई दीर्घकालिक निवेशक इस दौरान अपने पोर्टफोलियो में नए शेयर जोड़ते हैं, जबकि कुछ निवेशक केवल शुभ शुरुआत के लिए सांकेतिक खरीदारी करते हैं।

ये भी पढ़ें- Aaj ka rashifal 8 Nov 2026: दिवाली के दिन क्या कहते हैं आपके सितारे, मिलेगी सफलता या होगा नुक्सान? पढ़ें दैनिक राशिफल

कई अवसरों पर भी बंद रहेगा बाजार
नवंबर 2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग के अलावा शेयर बाजार कई अन्य अवसरों पर भी बंद रहेगा। दिवाली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर 10 नवंबर को बाजार में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व के चलते भी बाजार बंद रहेगा। नियमित शनिवार और रविवार के अवकाश अलग रहेंगे।

इस आधार पर किया जाना चाहिए निवेश
विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग में निवेश का निर्णय केवल शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि कंपनी के मूलभूत प्रदर्शन, दीर्घकालिक संभावनाओं और निवेश लक्ष्य के आधार पर किया जाना चाहिए। हालांकि भारतीय शेयर बाजार में यह परंपरा दशकों पुरानी है और निवेशकों के बीच आज भी उतनी ही लोकप्रिय बनी हुई है।

Exit mobile version