Dainik Savera Times

Stock Market Today: शेयर बाजार के कारोबार में तेजी, जानें Sensex और Nifty के हाल

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने आज सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन की शुरुआत जबरदस्त तेजी के साथ की। ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर घरेलू निवेशकों का भरोसा बना रहा, जिससे प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में मजबूती देखने को मिली।

कारोबार की शुरुआत में ही सेंसेक्स में तेज़ी:

सुबह 9:19 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 146.49 अंक चढ़कर 81,695.22 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 51.5 अंक की तेजी के साथ 25,057 के पार चला गया। कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 200 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 81,749.35 पर और निफ्टी 61.65 अंक चढ़कर 25,067.15 पर पहुंच गया।

कौन-कौन से स्टॉक्स चमके:

शुरुआती कारोबार में जिन कंपनियों के शेयरों ने सबसे अधिक मुनाफा दिया, उनमें इन्फोसिस, टीसीएस, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, और टाटा मोटर्स शामिल रहे। खासकर आईटी और ऑटो सेक्टर के शेयरों में तेजी का रुख बना रहा।

वहीं कुछ दिग्गज शेयर दबाव में दिखे, जैसे आईटीसी, एचयूएल, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, और इंटरनल के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। लगभग 1600 से अधिक शेयरों में तेजी देखने को मिली, जबकि करीब 565 शेयरों में गिरावट रही और 181 शेयरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।

रुपया फिसला, डॉलर के मुकाबले 7 पैसे कमजोर

विदेशी मुद्रा बाजार में शुक्रवार को भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले हल्का फिसला। शुरुआती ट्रेड में रुपया 7 पैसे टूटकर 88.42 पर आ गया। रुपये पर दबाव की मुख्य वजह रही विदेशी निवेशकों की पूंजी निकासी, डॉलर इंडेक्स की मजबूती और भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ से जुड़ी चिंताएं।

इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया 88.39 पर खुला, लेकिन जल्द ही यह 88.42 के निचले स्तर तक लुढ़क गया, जो पिछले सत्र की तुलना में 7 पैसे कमजोर स्थिति है।

Exit mobile version