नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार ने आज जोरदार रफ्तार पकड़ी। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 368 अंकों की बढ़त के साथ 81,469.50 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 105 अंक चढ़कर 24,974.15 के नजदीक पहुंच गया।
बाजार में यह तेजी कई सकारात्मक संकेतों के कारण देखी गई, जिनमें वैश्विक बाजारों का बेहतर प्रदर्शन, मजबूत कॉर्पोरेट परिणाम और कुछ चुनिंदा सेक्टर्स में जोरदार खरीदारी शामिल है।

इन सेक्टर्स ने दिखाई मजबूती
बैंकिंग, आईटी, एफएमसीजी और ऑटो सेक्टर के चुनिंदा शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट और मजबूत हुआ। खासतौर पर आईटी और टेक्नोलॉजी सेक्टर ने बाजार को सहारा दिया।
टॉप गेनर्स
टीसीएस (TCS)
एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Tech)
टेक महिंद्रा (Tech Mahindra)
लार्सन एंड टुब्रो (L&T)
जियो फाइनेंशियल
इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक भी लाभ में रहे।
इन कंपनियों के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखी गई, जो बाजार की रफ्तार के पीछे प्रमुख कारण बनी।
टॉप लूजर्स
हालांकि कुछ दिग्गज कंपनियां बाजार की रफ्तार से कदम नहीं मिला पाईं। इनमें शामिल हैं:
हीरो मोटोकॉर्प
मारुति सुजुकी
टाटा मोटर्स
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज
टाटा स्टील
सन फार्मा
इन शेयरों में हल्की गिरावट देखने को मिली।
बाजार पर क्या बोले जानकार?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के प्रमुख निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “आज बाजार की मजबूती के पीछे एक बड़ा कारण भारत-अमेरिका रिश्तों में सकारात्मक पहल है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की पारस्परिक सकारात्मक प्रतिक्रिया से निवेशकों का भरोसा और बढ़ा है।”
रुपया भी हुआ मजबूत
शेयर बाजार की तरह विदेशी मुद्रा बाजार में भी अच्छी खबर रही। बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे मजबूत होकर 88.10 पर पहुंच गया। एफआईआई के निवेश और डॉलर की कमजोरी ने रुपये को सहारा दिया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मामूली बढ़त ने रुपये की तेजी को सीमित कर दिया।