Stock market Update: मुंबई: पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बढ़ने से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हमले की खबरों के बाद वैश्विक बाजारों में बेचैनी का माहौल बन गया, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 705.65 अंक लुढ़क कर 81,702.52 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 182.85 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,929.55 के स्तर पर आ गया। निवेशकों में अनिश्चितता और डर का माहौल रहा, जिससे मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर भी दबाव बना रहा।

-30 प्रमुख कंपनियों के शेयर गिरे
सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और इटर्नल लिमिटेड (पूर्व में जोमैटो) जैसे दिग्गज शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई।
-एशियाई बाजार में कमजोर रुख
एशियाई बाजार भी कमजोर रुख के साथ खुले। जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। हालांकि, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट थोड़ा बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।
अमेरिकी बाजारों में भी शुक्रवार को दबाव देखने को मिला था, जिससे वैश्विक निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई, ब्रेंट क्रूड 1.69% चढ़कर 78.31 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जिससे आने वाले समय में भारत की तेल आधारित कंपनियों और मुद्रास्फीति पर असर पड़ सकता है।
-भारतीय बाजार में गिरावट
हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को भारतीय बाजार में भरोसा दिखाते हुए 7,940.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जो कि बाजार के लिए एक सकारात्मक संकेत है। लेकिन फिलहाल, निवेशकों की नजर भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक संकेतों पर टिकी रहेगी।