मुंबई: आज भारतीय शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली, जो मजबूत आर्थिक संकेतों से प्रेरित रही। बीएसई सेंसेक्स ने 207 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 80,571 के पार कारोबार किया, वहीं एनएसई निफ्टी 24,685 के स्तर को पार करते हुए 60 अंकों से ऊपर पहुंच गया।
शेयर बाजार में तेजी का कारण अगस्त में विनिर्माण क्षेत्र में 17 वर्षों में सबसे तेज सुधार होना बताया जा रहा है, जो उत्पादन क्षमता में वृद्धि और मजबूत मांग का संकेत देता है। एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण पीएमआई 59.3 के साथ पिछले महीने के 59.1 से बढ़ा, जो पिछले ढाई दशक में सबसे अच्छा सुधार दर्शाता है।
कौन से शेयर चमके और कहां आई गिरावट?
सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटर्नल, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में अच्छी बढ़त देखी गई। वहीं, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और ट्रेंट के शेयर शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ दबाव में रहे।
एशियाई बाजारों में मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 सकारात्मक रुख में रहे, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक नुकसान में बंद हुए।
तेल के दाम में हल्की बढ़त
ब्रेंट क्रूड के दाम 0.43 प्रतिशत बढ़कर 68.44 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचे। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को बाजार में बिकवाली की, जिसके चलते लगभग 1,430 करोड़ रुपये के शेयर बेचे गए।

