Stock Market Updates : मुंबई: पश्चिम एशिया में ईरान और इज़राइल के बीच युद्धविराम की खबरों से अंतरराष्ट्रीय तनाव में कमी आने के संकेत मिलते ही बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और निवेशकों की बढ़ती धारणा ने घरेलू बाजार को मजबूत शुरुआत दी।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 426.79 अंकों की छलांग लगाकर 82,481.90 के स्तर पर पहुंच गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 123.25 अंकों की बढ़त के साथ 25,167.60 पर ट्रेड करता दिखा।
-इन शेयरों ने दिखाई मजबूती
सेंसेक्स की 30 में से अधिकांश कंपनियों में खरीदारी का रुझान रहा। टाइटन, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और टाटा स्टील जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में उल्लेखनीय तेजी रही।
हालांकि, बैंकिंग सेक्टर में कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान के दायरे में रहे।

-वैश्विक संकेत भी सकारात्मक
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग, और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट हरे निशान में खुले, जबकि जापान के निक्की 225 में मामूली गिरावट रही। अमेरिकी शेयर बाजार भी मंगलवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिससे भारतीय बाजार को सकारात्मक बढ़त मिलती दिखी।
-एफआईआई और डीआईआई का रुख
हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को बाजार में बिकवाली की और 5,266.01 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने लगभग उतनी ही राशि यानी 5,209.60 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की, जिससे बाजार को सहारा मिला।
-कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी 1.30% की तेजी दर्ज की गई और यह 68.01 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जो ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े शेयरों के लिए सकारात्मक संकेत है।