Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Swiggy का IPO जानें कब खुलेगा, 11.3 अरब डॉलर का मूल्यांकन चाहती है कंपनी

November 5, 2024

Swiggy का IPO जानें कब खुलेगा, 11.3 अरब डॉलर का मूल्यांकन चाहती है कंपनी

Swiggy IPO: ऑनलाइन ऑर्डर लेकर खाने का सामान पहुंचाने वाली कंपनी स्विगी का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बुधवार को खुलेगा। कंपनी निर्गम के तहत लगभग 11.3 अरब डॉलर का मूल्यांकन चाहती है। बेंगलुरु स्थित कंपनी आईपीओ से 11,327 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है, जिसमें 4,499 करोड़ रुपये का नए शेयरों का निर्गम और 6,828 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

स्विगी ने आईपीओ के लिए 371 रुपये से 390 रुपये प्रति शेयर का कीमत दायरा तय किया है। यह निर्गम छह नवंबर को खुलेगा और आठ नवंबर को बंद होगा। स्विगी फूड मार्केटप्लेस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोहित कपूर ने मूल्यांकन के बारे में कहा, ‘‘हमें लगता है कि हमने इसकी कीमत सही रखी है और हम अगले कुछ दिन का इंतजार कर रहे हैं।

Swiggy IPO

स्विगी का मूल्यांकन कीमत के ऊपरी छोर पर लगभग 11.3 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 95,000 करोड़ रुपये) आंका गया है। जुलाई, 2021 में सूचीबद्ध हुई उसकी प्रतिद्वंद्वी जोमैटो का बाजार मूल्यांकन 2.13 लाख करोड़ रुपये है। कपूर ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमारा मूल्य निर्धारण 371-390 रुपये प्रति शेयर के दायरे में है, जो लगभग 11.3 अरब डॉलर के बराबर है।’

स्विगी के मूल्यांकन में कटौती को लेकर मीडिया में आई खबरों के बारे में पूछने पर कपूर ने स्पष्ट किया कि मूल्यांकन में कोई कमी नहीं की गई है, क्योंकि कंपनी का वास्तविक मूल्य तब तय होता है, जब वास्तव में लेनदेन होता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सब मीडिया में कीमत के बारे में अटकलें हैं।

इसलिए मामले का तथ्य यह है कि मूल्य में न तो वृद्धि हुई है और न ही कमी आई है। मूल्य बिल्कुल वहीं है, जहां इसे होना चाहिए.. मैं बस यह स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड पर रखना चाहता हूं कि मूल्यांकन में कोई कमी नहीं आई है। एक खोज प्रक्रिया थी और अंत में वह मूल्य तय हुआ, जिसके बारे में हम सामूहिक रूप से बहुत अच्छा महसूस करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें